छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के जंगल में मंगलवार को हुए माओवादी हमले का झकझोर कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो को दूरदर्शन के एक स्टाफर ने शूट किया जिसे खुद इस हमले का शिकार होना पड़ा. वीडियो में देखा जा सकता है कि ज़मीन पर लेटा एक शख्स अपने मोबाइल फोन पर मैसेज रिकॉर्ड कर रहा है. वीडियो में पीछे से फायरिंग की आवाज भी साफ सुनाई देती है. माओवादियों के इस हमले में दूरदर्शन का एक कैमरामैन और दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए. कुछ पत्रकारों और मीडिया संगठनों समेत कई लोगों ने ये समझने की भूल की कि वीडियो में मैसेज रिकॉर्ड करते दिखने वाले शख्स दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू थे. यही समझा गया कि ये कैमरामैन अच्युतानंद साहू के आखिरी शब्द थे, जिनकी हमले में मौत हो गई. इंडिया टुडे फैक्ट चेक टीम ने अपनी पड़ताल में पाया कि जो शख्स वीडियो में मैसेज रिकॉर्ड करते दिख रहा है वो दरअसल अच्युतानंद साहू नहीं बल्कि असिस्टेंट कैमरामैन मोरमुकुट शर्मा है जो जीवित हैं. शर्मा कैमरा और लाइटिंग असिस्टेंट हैं जो हमले के वक्त दूरदर्शन टीम के साथ जा रहे थे जब उन पर हमला हुआ. हमले में जान खोने वाले अच्...