Skip to main content

संकट में नवजोत सिंह सिद्धू, अपनी ही सरकार के 3 मंत्रियों ने मांगा इस्तीफा





पाकिस्तान से लौटने के बाद से लगातार विवादों में घिरे नवजोत सिंह सिद्धू की मुसीबतें और बढ़ती नजर आ रही है. शनिवार को पंजाब सरकार के तीन मंत्रियों ने सिद्धू के इस्तीफे की मांग कर दी है.


पंजाब के तीन मंत्रियों ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर शनिवार को कैबिनेट से नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे की मांग की है. सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह मुद्दा उठने की संभावना है.

बता दें कि यह सारा विवाद करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिद्धू के पाकिस्तान जाने के बाद से पैदा हुआ है.

यह विवाद तब और गहरा गया जब सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने से पहले आप तथ्यों को सही कर लें. राहुल गांधी ने मुझसे पाकिस्तान जाने को कभी नहीं कहा. पूरी दुनिया जानती है कि मैं (पाकिस्तानी) प्रधानमंत्री इमरान खान के निजी न्यौते पर पाकिस्तान गया.’

एक दिन पहले हैदराबाद में सिद्धू से जब मुख्यमंत्री की मंजूरी के बगैर पाकिस्तान जाने के बारे में पूछा गया था, तब उन्होंने अमरिंदर का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि ‘राहुल गांधी मेरे ‘कप्तान’ हैं. उन्होंने ही मुझे पाकिस्तान भेजा. राहुल गांधी कैप्टन (अमरिंदर सिंह) के भी कैप्टन हैं.’

शनिवार को इस पर पंजाब के मंत्रियों ने कहा है कि अगर सिद्धू सीएम अमरिंदर सिंह को अपना कैप्टन नहीं समझते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री की टीम छोड़ देनी चाहिए.

इन मंत्रियों ने मांगा इस्तीफा

हैदराबाद में दिए बयान को लेकर सिद्धू पर ग्रामीण एवं विकास मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राजस्व और पुनर्वास मंत्री सुखविंदर सिंह सरकारिया और खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने हमला किया है.

सोढ़ी ने कहा कि इस मुद्दे पर दूसरे मंत्री भी अमरिंदर सिंह के साथ हैं. उन्होंने कहा, ‘मैंने जिन मंत्रियों से बातचीत की, वे अरुणा चौधरी और साधु सिंह धरमसोत हैं. हम सभी सीएम अमरिंदर के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं.’

वहीं मंत्री बाजवा ने कहा, ‘अगर सिद्धू सीएम अमरिंदर सिंह को अपना कप्तान नहीं मानते तो उन्हें नैतिक आधार पर मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देना चाहिए और राहुल गांधी उन्हें जो भी काम कहें, वही करना चाहिए.’

साथ ही बाजवा ने मांग की कि सिद्धू को मुख्यमंत्री से माफी मांगनी चाहिए. उन्हें कैप्टन साहब को पंजाब में अपने नेता के तौर पर स्वीकार करना होगा.

मंत्री सरकारिया ने सिद्धू की भाषा को ‘आपत्तिजनक’ करार देते हुए कहा, ‘राहुल गांधी हमारे नेता हैं और वह हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. पंजाब में सरकार के लीडर अमरिंदर सिंह हैं जो राज्य के हमारे कैप्टन हैं और हम सभी उनके नेतृत्व में टीम की तरह काम करते हैं. अगर सिद्धू या किसी अन्य को इससे समस्या है और वह उनके नेतृत्व में काम नहीं कर सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए.’

गौरतलब है कि पाकिस्तान से लौटने के बाद से ही सिद्धू लगातार विवादों में हैं. इससे पहले जानकारी सामने आई थी कि सिद्धू से पंजाब कैबिनेट के 10 मंत्री खफा हैं. सिद्धू के खिलाफ इनकी नाराजगी इतनी बढ़ चुकी है कि राज्य की अगली कैबिनेट मीटिंग में ये मंत्री सिद्धू को कैबिनेट से हटाने की मांग करेंगे.

हालांकि, पंजाब कैबिनेट की अगली बैठक 3 दिसंबर को होने वाली है. लेकिन आज 3 मंत्रियों के सिद्धू से इस्तीफे की मांग करने की पुष्ट‍ि हो गई है. दूसरी तरफ जानकारी ये भी आ रही है कि कैप्टन कैबिनेट के 10 मंत्री सिद्धू का इस्तीफा मांग सकते हैं.

Popular posts from this blog

सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण की अधिसूचना जारी 

  सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाए गए मोदी सरकार के बिल के पास होने के बाद इसे संवैधानिक तौर से सोमवार को लागू कर दिया गया. सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने के संबंध में सोमवार शाम को अधिसूचना जारी कर दी गई. इसके साथ ही सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का संवैधानिक प्रावधान सोमवार से प्रभाव में आ गया. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की राजपत्रित अधिसूचना के अनुसार, ‘संविधान (103वां संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 1 की उपधारा (2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार 14 जनवरी को उस तारीख के रूप में चिह्नित करती है जिस दिन कथित कानून के प्रावधान प्रभाव में आएंगे.’ संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में संशोधन के साथ ही एक उपबंध जोड़ा गया है. इसके जरिए राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी वर्ग के नागरिकों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान बनाने का अधिकार देता है. गौरतलब है कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने...

BSP से गठबंधन के बाद बोले अखिलेश यादव- BJP नेता- कार्यकर्ता पस्त, 

साथ आने को बेचैन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भारतीय जनता पार्टी पर अटैक किया. उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा कि हमारे गठबंधन के बाद बीजेपी का बूथ चकनाचूर हो गया है. अब बीजेपी के लोग सपा-बसपा में शामिल होना चाहते हैं. बता दें, शनिवार को सपा ने मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. अखिलेश यादव ने लिखा, 'बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर्ष नेतृत्व व पूरा संगठन बल्कि कार्यकर्ता भी हिम्मत हार बैठे हैं. अब भाजपा बूथ कार्यकर्ता कह रहे हैं कि ‘मेरा बूथ, हुआ चकनाचूर’. ऐसे निराश-हताश भाजपा नेता-कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं.' बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर...

हिंदुत्व के साइनबोर्ड पर भाजपा संगठन और विकास के बूते लड़ सकती है 2019 का चुनाव

    भाजपा हिंदुत्व को नहीं छोड़ सकती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक बड़े अधिकारी का कहना है कि संघ भाजपा का मातृसंगठन है और उसका आधार हिंदुत्व है। संघ के मुख पत्र आर्गनाइजर ने अपने संपादकीय में भाजपा को हिंदुत्व और विकास के मुद्दे को समान महत्व देने का सुझाव दिया है। आर्गनाइजर की संपादकीय से साफ है कि भाजपा और संघ के भीतर हिन्दुत्व और हिन्दुत्व से जुड़े राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर विमर्श चल रहा है। भाजपा के महासचिव राम माधव लंबे समय से संघ के अघोषित प्रवक्ता रहे हैं। उन्होंने अधिकारिक बयान देते हुए कहा है कि राम मंदिर निर्माण को लेकर आध्यादेश का विकल्प हमेशा रहा है। राम माधव का कहना है कि उच्चतम न्यायालय ने चार जनवरी को अगली बेंच के निर्धारण के लिए तारीख दी है। भाजपा को उम्मीद है कि उच्चतम न्यायालय फास्ट ट्रैक तरीके से इस मामले की सुनवाई करके जल्द फैसला देगी। राम माधव ने कहा कि ऐसा नहीं होता, तो अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। राम माधव के इस बयान को कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा लखनऊ में दिए वक्तव्य से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा और के...