छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान के पहले कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर है. राजधानी रायपुर में रोड शो के दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाहने कहा कि कांग्रेस चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है. प्रथम चरण के मतदान में भाजपा के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता के प्यार और आशीर्वाद से तय है कि राज्य में लगातार चौथी बार कमल खिलने वाला है.
इससे पहले धमतरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक ऐसी ATM है जिसमें समस्या डालने पर जवाब विकास में नहीं आता, झूठे वादों में बाहर आता है क्योंकि कांग्रेस की सरकारों ने झूठे वादे करने के सिवाय कोई काम नहीं किया.
साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी समस्याओं का समाधान कर जनता के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए काम करने वाली पार्टी है. जबकि, कांग्रेस जनता को समस्याओं में झोंकने वाली पार्टी है.
खरसिया में आयोजित जनसभा में बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासन में जिस छत्तीसगढ़ में विकास करना और नए उद्योग लगाना मानों एक स्वप्न्न था. आज वही छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के नेतृत्व में हर क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ा रहा है.
राहुल गांधी भी चुनावी रैली में जमकर बरसे
शनिवार को सरगुजा में रैली के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी किसी भी मंच पर आकर मुझसे 15 मिनट राफेल पर बहस करें.
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का मतदान 20 को
बता दें कि दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ की 72 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होना है. 18 सीटों पर मतदान 12 नवंबर को ही हो चुका है. सभी 90 सीटों पर मतगणना 11 दिसंबर को होगी.
इससे पहले शुक्रवार को राहुल ने एमपी में धुआंधार रैलियां की. राहुल ने एमपी के नौजवानों से वादा किया कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर युवाओं को रोजागार, आदिवासियों को उनका हक और किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा. राहुल ने देवरी, सिवनी के बरघाट और मंडला में जनसभाओं केा संबोधित किया.