राजस्थान के शहरी विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो मतदाताओं से कहते दिख रहे हैं कि अगर उन्हें वोट नहीं दिया, तो वो आत्महत्या कर लेंगे. हालांकि मंत्री ने बाद में इसे मजाक में कही गई बात करार दिया. कृपलानी का यह वीडियो शुक्रवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
राजस्थान के निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार कृपलानी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं से वोट देने की अपील की. वायरल हो रहे इस वीडियो में वो निम्बाहेड़ा के ग्रामीण इलाके में कुछ लोगों को संबोधित करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वो कह रहे हैं, ‘अगर आप मुझे नहीं जिताओगे, तो मैं जहर खाकर खुदकुशी कर लूंगा.’ मंत्री से इस बारे में जब उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि मजाक में ऐसा कहा था.
कृपलानी ने समाचार एजेंसी भाषा को बताया, ‘यह चीज मैंने मजाक और हल्के मूड में बोली थी, लेकिन किसी ने इसका वीडियो बना लिया.' कृपलानी तीन बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने साल 2013 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार उदयलाल आंजना को 3,370 मतों से हराकर विजय हासिल की थी. पिछले चुनाव में आंजना को 43.38 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि कृपलानी को 45.09 प्रतिशत मत मिले थे, इस बार भी कृपलानी और आंजना चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं.
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं, जिनमें से 142 सीट सामान्य, 33 सीट अनुसूचित जाति और 25 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं. साल 2013 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी. जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी. पिछले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को 3, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 4, नेशनल यूनियनिस्ट जमींदारा पार्टी को 2 सीटें मिली थीं. इसके अलावा 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे.