Skip to main content

SC ने पूछा-राजस्थान में कैसे गायब हुए 31 पहाड़, लोग हनुमान हो गए?




सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान में अरावली की पहाड़ियों पर अंधाधुंध खनन पर सख्त नाराजगी जताते हुए सरकार से 48 घंटों में तमाम खदानें और खनन रोकने को कहा है.  कोर्ट ने सोमवार तक अपने हुक्म की तामील कर स्टेटस रिपोर्ट देने को भी कहा है. 

सुनवाई के दौरान जस्टिस मदन भीमराव लोकुर ने कहा कि एप्का की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा की सीमा वाले इलाकों से 31 पहाड़ गायब हो गये हैं. आखिर जनता में तो हनुमान की शक्ति नहीं आ सकती कि वो पहाड़ ही ले उड़ें. ऐसे में इसकी वजह सिर्फ और सिर्फ अवैध खनन ही है. कोर्ट के पूछने परराजस्थान सरकार ने भी ये मान लिया कि अरावली में 115.34 हेक्टेयर जमीन पर खनन हुआ. 

कोर्ट ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप (राजस्थान सरकार) स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर खुद कुछ करते नहीं. केंद्र सरकार कुछ करती है तो आपको दिक्कत होती है. कोर्ट ने कहा कि प्रकृति के बनाए पहाड़ हमारे नैसर्गिक रक्षक हैं. वो बैरिकेड हैं जो राजस्थान के रेगिस्तान की धूल या प्रदूषण भरी हवा को दिल्ली से पहले रोकते हैं. लेकिन आपने (राजस्थान सरकार) सालाना साढ़े पांच हजार करोड़ की रॉयल्टी के चक्कर में दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों की जान खतरे में डाल दी. आप पर इसका कोई असर नहीं दिखता. 

सुप्रीम कोर्ट के रुख पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्रीअशोक गहलोत ने ट्वीट में लिखा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने राजस्थान सरकार को आरावली की पहाड़ियों के अवैध खनन को 48 घंटों में रोकने के निर्देश दिए हैं. कोर्ट की टिप्पणी कि वो यह आदेश जारी करने पर मजबूर है क्योंकि राजस्थान ने इस मुद्दे को काफी हल्के में लिया, यह गंभीर है.

गहलोत ने आगे लिखा कि सरकार अवैध खनन को रोकने में पूरी तरह से नाकाम रही है. राज्य में पहाड़ियों का गायब होना खतरनाक स्थिति है. मैं लगतार कहता रहा हूं कि रेत माफिया, खनन माफिया का नेटवर्क भारी भ्रष्टाचार की वजह से सक्रिय है, उन्हें राजनीतिक वरदहस्त हासिल है और इसका पैसा ऊपर तक पहुंच रहा है.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजस्थान सरकार को अपने हुक्म की तामील के लिए अब कोई वक्त नहीं दिया जा सकता. पिछले डेढ़ साल से सरकार यूं ही हीला हवाली करती रही है. पिछले दो महीने से सिर्फ भरोसा दिया जा रहा है. कोर्ट ने कहा कि राजस्थान सरकार ने बिना पड़ोसी राज्यों की जनता की चिंता किए अवैध खनन का कारोबार जारी रखे हुए है. कोर्ट ने अगली सुनवाई नवंबर मध्य में तय की है. 

  

Popular posts from this blog

सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण की अधिसूचना जारी 

  सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाए गए मोदी सरकार के बिल के पास होने के बाद इसे संवैधानिक तौर से सोमवार को लागू कर दिया गया. सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने के संबंध में सोमवार शाम को अधिसूचना जारी कर दी गई. इसके साथ ही सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का संवैधानिक प्रावधान सोमवार से प्रभाव में आ गया. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की राजपत्रित अधिसूचना के अनुसार, ‘संविधान (103वां संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 1 की उपधारा (2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार 14 जनवरी को उस तारीख के रूप में चिह्नित करती है जिस दिन कथित कानून के प्रावधान प्रभाव में आएंगे.’ संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में संशोधन के साथ ही एक उपबंध जोड़ा गया है. इसके जरिए राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी वर्ग के नागरिकों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान बनाने का अधिकार देता है. गौरतलब है कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने...

BSP से गठबंधन के बाद बोले अखिलेश यादव- BJP नेता- कार्यकर्ता पस्त, 

साथ आने को बेचैन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भारतीय जनता पार्टी पर अटैक किया. उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा कि हमारे गठबंधन के बाद बीजेपी का बूथ चकनाचूर हो गया है. अब बीजेपी के लोग सपा-बसपा में शामिल होना चाहते हैं. बता दें, शनिवार को सपा ने मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. अखिलेश यादव ने लिखा, 'बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर्ष नेतृत्व व पूरा संगठन बल्कि कार्यकर्ता भी हिम्मत हार बैठे हैं. अब भाजपा बूथ कार्यकर्ता कह रहे हैं कि ‘मेरा बूथ, हुआ चकनाचूर’. ऐसे निराश-हताश भाजपा नेता-कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं.' बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर...

हिंदुत्व के साइनबोर्ड पर भाजपा संगठन और विकास के बूते लड़ सकती है 2019 का चुनाव

    भाजपा हिंदुत्व को नहीं छोड़ सकती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक बड़े अधिकारी का कहना है कि संघ भाजपा का मातृसंगठन है और उसका आधार हिंदुत्व है। संघ के मुख पत्र आर्गनाइजर ने अपने संपादकीय में भाजपा को हिंदुत्व और विकास के मुद्दे को समान महत्व देने का सुझाव दिया है। आर्गनाइजर की संपादकीय से साफ है कि भाजपा और संघ के भीतर हिन्दुत्व और हिन्दुत्व से जुड़े राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर विमर्श चल रहा है। भाजपा के महासचिव राम माधव लंबे समय से संघ के अघोषित प्रवक्ता रहे हैं। उन्होंने अधिकारिक बयान देते हुए कहा है कि राम मंदिर निर्माण को लेकर आध्यादेश का विकल्प हमेशा रहा है। राम माधव का कहना है कि उच्चतम न्यायालय ने चार जनवरी को अगली बेंच के निर्धारण के लिए तारीख दी है। भाजपा को उम्मीद है कि उच्चतम न्यायालय फास्ट ट्रैक तरीके से इस मामले की सुनवाई करके जल्द फैसला देगी। राम माधव ने कहा कि ऐसा नहीं होता, तो अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। राम माधव के इस बयान को कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा लखनऊ में दिए वक्तव्य से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा और के...