Skip to main content

मिशन राजस्थान पर अमित शाह, कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र





तीन दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक बार फिर राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं. वह पाली, जोधपुर, भीलवाड़ा, नागौर और उदयपुर जिलों में अनेक कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे.वसुंधरा राजे अपनी गौरव यात्रा लेकर कोटा संभाग में यात्रा कर रही हैं जबकि इस बार अमित शाह जोधपुर और उदयपुर संभाग के दौरे पर रहेंगे. वहीं कांग्रेस ने तंज कसा है कि बीजेपी संभावित हार देखकर डर गई है.

अमित शाह ने इसी 11 सितंबर को जयपुर में चार कार्यक्रमों में भाग लिया था. वह ऐसे समय में राजस्थान यात्रा कर रहे हैं जब आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मियां जोर पकड़ रही हैं. राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

अमित शाह 16 सितंबर को पाली में शक्ति केंद्र सम्मेलन और संभाग स्तरीय अन्य पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इसी दिन उनका जोधपुर में कार्यक्रम होगा. वहीं, 17 सितंबर को वह भीलवाड़ा में रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर को शाह नागौर और उदयपुर में शक्ति केंद्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे.

बता दें कि रविवार सुबह अमित शाह 11 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां से हेलिकॉप्टर से पाली जाएंगे. दिन में दो बजे तक पाली और आसपास के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरेंगे. फिर 4 बजे जोधपुर पहुंचकर सबसे पहले शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें वह नगर निगम, नगर पालिका और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे.

इसके बाद प्रबुद्ध जनों का सम्मेलन होगा और शाह बीजेपी के दूसरे संगठनों को भी संबोधित करेंगे. जोधपुर के बाद अमित शाह उदयपुर जाएंगे, जहां एक स्कूल में कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है. यहां वह मेवाड़ संभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. शाह 17 सितंबर को चार्टर्ड प्लेन से उदयपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे. उदयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से भीलवाड़ा पहुंचेंगे. जहां पर पुलिस लाइन मैदान में उनका संबोधन होगा. वह भी अग्रवाल उत्सव भवन के सामने बूथ एवं शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

शाह उदयपुर में शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति, जनजाति के पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे. शाह के सभी संभाग के दौरों में सुनिश्चित किया जा रहा है कि बीजेपी से जुड़े सभी संगठन को वह संबोधित करें.

गौरतलब है कि 11 सितंबर को जयपुर दौरे पर आए शाह ने कहा था कि कुछ कार्यकर्ता आकर जीत के प्रति संशय व्यक्त कर रहे हैं. उन्हें मैं बताने आया हूं कि हम जीत रहे हैं.

उधर कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने शाह के लगातार दौरे पर चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी की हार सामने दिख रही है. इसीलिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यझ खुद मैदान में कूद गए हैं, लेकिन जनता मन बना चुकी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष घूमे या मुख्यमंत्री घूमे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है.

Popular posts from this blog

सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण की अधिसूचना जारी 

  सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाए गए मोदी सरकार के बिल के पास होने के बाद इसे संवैधानिक तौर से सोमवार को लागू कर दिया गया. सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने के संबंध में सोमवार शाम को अधिसूचना जारी कर दी गई. इसके साथ ही सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का संवैधानिक प्रावधान सोमवार से प्रभाव में आ गया. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की राजपत्रित अधिसूचना के अनुसार, ‘संविधान (103वां संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 1 की उपधारा (2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार 14 जनवरी को उस तारीख के रूप में चिह्नित करती है जिस दिन कथित कानून के प्रावधान प्रभाव में आएंगे.’ संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में संशोधन के साथ ही एक उपबंध जोड़ा गया है. इसके जरिए राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी वर्ग के नागरिकों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान बनाने का अधिकार देता है. गौरतलब है कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने...

BSP से गठबंधन के बाद बोले अखिलेश यादव- BJP नेता- कार्यकर्ता पस्त, 

साथ आने को बेचैन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भारतीय जनता पार्टी पर अटैक किया. उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा कि हमारे गठबंधन के बाद बीजेपी का बूथ चकनाचूर हो गया है. अब बीजेपी के लोग सपा-बसपा में शामिल होना चाहते हैं. बता दें, शनिवार को सपा ने मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. अखिलेश यादव ने लिखा, 'बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर्ष नेतृत्व व पूरा संगठन बल्कि कार्यकर्ता भी हिम्मत हार बैठे हैं. अब भाजपा बूथ कार्यकर्ता कह रहे हैं कि ‘मेरा बूथ, हुआ चकनाचूर’. ऐसे निराश-हताश भाजपा नेता-कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं.' बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर...

हिंदुत्व के साइनबोर्ड पर भाजपा संगठन और विकास के बूते लड़ सकती है 2019 का चुनाव

    भाजपा हिंदुत्व को नहीं छोड़ सकती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक बड़े अधिकारी का कहना है कि संघ भाजपा का मातृसंगठन है और उसका आधार हिंदुत्व है। संघ के मुख पत्र आर्गनाइजर ने अपने संपादकीय में भाजपा को हिंदुत्व और विकास के मुद्दे को समान महत्व देने का सुझाव दिया है। आर्गनाइजर की संपादकीय से साफ है कि भाजपा और संघ के भीतर हिन्दुत्व और हिन्दुत्व से जुड़े राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर विमर्श चल रहा है। भाजपा के महासचिव राम माधव लंबे समय से संघ के अघोषित प्रवक्ता रहे हैं। उन्होंने अधिकारिक बयान देते हुए कहा है कि राम मंदिर निर्माण को लेकर आध्यादेश का विकल्प हमेशा रहा है। राम माधव का कहना है कि उच्चतम न्यायालय ने चार जनवरी को अगली बेंच के निर्धारण के लिए तारीख दी है। भाजपा को उम्मीद है कि उच्चतम न्यायालय फास्ट ट्रैक तरीके से इस मामले की सुनवाई करके जल्द फैसला देगी। राम माधव ने कहा कि ऐसा नहीं होता, तो अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। राम माधव के इस बयान को कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा लखनऊ में दिए वक्तव्य से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा और के...