सौ रुपए का नया नोट जल्द ही आपके हाथ में होगा। रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया (आरबीआइ) बीकानेर की 38 बैंक शाखाओं में करीब 760 करोड़ रुपए के नए नोट भेजेगी। इसके लिए एसबीआइ की पीपी ब्रांच ने आरबीआइ को डिमांड भेजी है। माना जा रहा है कि बीकानेर की प्रत्येक बैंक शाखा को करीब बीस-बीस करोड़ रुपए के नए नोट मिलेंगे। फिलहाल इसकी पहुंच दिल्ली और जयपुर की चयनित बैंक शाखाओं में ही हुई है। बीकानेर में फिलहाल नए नोटों की पहुंच नोट, सिक्के और डाक टिकट संग्रहित करने वाले व्यक्तियों तक ही हो पाई है।
लोगों में सौ रुपए के नए नोट को लेकर उत्सुकता भी है। एसबीआइ और विभिन्न बैंक शाखाओं में ग्राहक नए नोट की मांग करने लगे हैं। एसबीआइ की पब्लिक ब्रांच में तो सैकड़ों लोग केवल नया नोट आने की जानकारी लेने ही पहुंच रहे हैं। एसबीआइ के उच्चाधिकारियों की मानें तो अगले सप्ताह तक सौ रुपए के नए नोटों की खेप मिल सकती है। माना जा रहा है कि पहले खेप में आरबीआई करीब सौ करोड़ रुपए भेज सकता है। अगली खेप में और रुपए पहुंचाए जाएंगे।...