Skip to main content

वसुंधरा की गौरव यात्रा पर घमासान, कोर्ट पहुंची BJP और कांग्रेस





राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक तरफ अपनी गौरव यात्रा के दूसरे चरण में 23 अगस्त से मारवाड़ की यात्रा करने जा रही हैं, तो दूसरी तरफ गौरव यात्रा को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में राजस्थान हाईकोर्ट में घमासान मचा है. कांग्रेस की तरफ से विभूति भूषण शर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है कि गौरव यात्रा के दौरान सरकारी खर्चे पर बीजेपी अपना प्रचार प्रसार कर रही है.

बता दें कि कोर्ट ने इस मामले में बीजेपी को नोटिस जारी किया था जिस पर बीजेपी ने मंगलवार हाईकोर्ट में अपना जवाब पेश किया है कि गौरव यात्रा पूरी तरह से बीजेपी का कार्यक्रम है और इसमें सरकारी खर्च नहीं हो रहा. इसमें कुछ कार्यक्रम सरकार के हैं जिन पर सरकारी खर्च हो रहे हैं.

बीजेपी के इस जवाब के खिलाफ कांग्रेस ने सबूत पेश किए हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि शुरुआत के 4 दिनों में यात्रा पूरी तरह से सरकारी खर्चे पर की जा रही थी लेकिन जब कांग्रेस ने याचिका लगाई तो गौरव यात्रा को बीजेपी का कार्यक्रम बना दिया गया. इसके बावजूद तीसरे चरण के लिए सिरोही में जो टेंडर निकाले गए हैं उसमें साफ-साफ लिखा है कि 52 लाख का टेंडर गौरव यात्रा के दौरान खर्चे के लिए है, जिसमें टेंट लगाने से लेकर कुर्सी तक के इंतजाम के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने टेंडर जारी किया है.

मामला सामने आने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने टेंडर से गौरव यात्रा का नाम हटाकर केवल वीआईपी विजिट कर दिया. मसलन अब भी गौरव यात्रा पर राजस्थान सरकार के खजाने से खर्च किया जा रहा है. कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम की शुरुआत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने की थी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने इसे बीजेपी के चुनाव प्रचार का आगाज बताया था, ऐसे में इन कार्यक्रमों को पर सरकारी खर्च क्यों किया जा रहा है.

वहीं बीजेपी का कहना है कि चूंकि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इन यात्राओं में जा रही हैं और कई जगहों पर शिलान्यास और उद्घाटन का कार्यक्रम किया जा रहा है, जो राज्य सरकार का काम है, लिहाजा राज्य सरकार के खजाने से भी खर्च हो रहा है. जहां तक पार्टी के झंडे बैनर की बात है यह पार्टी स्वयं खर्च कर रही है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने वसुंधरा राजे पर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान सरकार के खजाने का उपयोग पार्टी के प्रचार के लिए करना गलत है और यह भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है.

Popular posts from this blog

सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण की अधिसूचना जारी 

  सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाए गए मोदी सरकार के बिल के पास होने के बाद इसे संवैधानिक तौर से सोमवार को लागू कर दिया गया. सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने के संबंध में सोमवार शाम को अधिसूचना जारी कर दी गई. इसके साथ ही सरकारी नौकरियों और शिक्षा में सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का संवैधानिक प्रावधान सोमवार से प्रभाव में आ गया. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की राजपत्रित अधिसूचना के अनुसार, ‘संविधान (103वां संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 1 की उपधारा (2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार 14 जनवरी को उस तारीख के रूप में चिह्नित करती है जिस दिन कथित कानून के प्रावधान प्रभाव में आएंगे.’ संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में संशोधन के साथ ही एक उपबंध जोड़ा गया है. इसके जरिए राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी वर्ग के नागरिकों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान बनाने का अधिकार देता है. गौरतलब है कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने...

BSP से गठबंधन के बाद बोले अखिलेश यादव- BJP नेता- कार्यकर्ता पस्त, 

साथ आने को बेचैन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भारतीय जनता पार्टी पर अटैक किया. उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा कि हमारे गठबंधन के बाद बीजेपी का बूथ चकनाचूर हो गया है. अब बीजेपी के लोग सपा-बसपा में शामिल होना चाहते हैं. बता दें, शनिवार को सपा ने मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. अखिलेश यादव ने लिखा, 'बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर्ष नेतृत्व व पूरा संगठन बल्कि कार्यकर्ता भी हिम्मत हार बैठे हैं. अब भाजपा बूथ कार्यकर्ता कह रहे हैं कि ‘मेरा बूथ, हुआ चकनाचूर’. ऐसे निराश-हताश भाजपा नेता-कार्यकर्ता अस्तित्व को बचाने के लिए अब बसपा-सपा में शामिल होने के लिए बेचैन हैं.' बसपा-सपा में गठबंधन से न केवल भाजपा का शीर...

हिंदुत्व के साइनबोर्ड पर भाजपा संगठन और विकास के बूते लड़ सकती है 2019 का चुनाव

    भाजपा हिंदुत्व को नहीं छोड़ सकती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक बड़े अधिकारी का कहना है कि संघ भाजपा का मातृसंगठन है और उसका आधार हिंदुत्व है। संघ के मुख पत्र आर्गनाइजर ने अपने संपादकीय में भाजपा को हिंदुत्व और विकास के मुद्दे को समान महत्व देने का सुझाव दिया है। आर्गनाइजर की संपादकीय से साफ है कि भाजपा और संघ के भीतर हिन्दुत्व और हिन्दुत्व से जुड़े राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर विमर्श चल रहा है। भाजपा के महासचिव राम माधव लंबे समय से संघ के अघोषित प्रवक्ता रहे हैं। उन्होंने अधिकारिक बयान देते हुए कहा है कि राम मंदिर निर्माण को लेकर आध्यादेश का विकल्प हमेशा रहा है। राम माधव का कहना है कि उच्चतम न्यायालय ने चार जनवरी को अगली बेंच के निर्धारण के लिए तारीख दी है। भाजपा को उम्मीद है कि उच्चतम न्यायालय फास्ट ट्रैक तरीके से इस मामले की सुनवाई करके जल्द फैसला देगी। राम माधव ने कहा कि ऐसा नहीं होता, तो अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। राम माधव के इस बयान को कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा लखनऊ में दिए वक्तव्य से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा और के...